मेराल : मेराल थाना क्षेत्र के बाजूडीह गांव से गायब स्थानीय कोयल नदी में मछली मारने निकले 50 वर्षीय दरोगा सिंह का 4 दिन बीत जाने के बावजूद भी कोई अता पता नहीं चल सका है।
सोमवार को मेराल थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार अपने पीएसआई संजय कुशवाहा के अलावा पूरे दलबल के साथ हिरासत में लिए गए नंद किशोर सिंह उर्फ नंदा सिंह को लेकर घटनास्थल बाजूडीह गांव से सटे कोयल नदी मे पहुंचे हैं। पुलिस ने झाड़ी, कुएं एवं गन्ना के खेत में गहनता पूर्वक खोजबीन किया। लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। मेराल थाना पुलिस के आने की भनक लगते ही गायब दरोगा सिंह की पत्नी समेत ग्रामीणों के बीच आशा जगी की संभवतः गायब दरोगा सिंह का सुराग मिल गया होगा। पुलिस के आते देख महिला पुरुष एवं बच्चे नदी की ओर इकट्ठा होने लगे।
लेकिन प्रशासन हो या ग्रामीण अपने अपने स्तर से घटनास्थल के आसपास काफी खोजबीन की। लेकिन निराशा ही हाथ लगी। जिंदा हो या मुर्दा लगातार बरामद करने के लिए पुलिस दबिश बना रही है। लेकिन 4 दिन बीत जाने के बावजूद भी गायब दरोगा सिंह को बरामद नहीं किया जा सका।
ज्ञात हो कि जैसे समय बीतता जा रहा है वैसे वैसे ग्रामीण असमंजस की स्थिति में पड़ गए हैं। इधर बताया जा रहा है कि गत शुक्रवार की दोपहर गांव के ही अमेरिका पासवान, नंदकिशोर सिंह, नंदा सिंह एवं दरोगा सिंह इन तीनों ने गांव से सटे स्थानीय कोयल नदी में मछली मारने के लिए निकले हुए थे। इसी बीच दरोगा सिंह को छोड़कर दो अन्य साथी अपने अपने घर आ गए। देर शाम इंतजार करने के बाद गायब दरोगा सिंह की पत्नी अर्पणा देवी व उनके परिजन काफी खोजबीन किया।
लेकिन कोई अता पता नहीं चल सका। इधर दरोगा सिंह की पत्नी व बच्चे एवं बच्चियों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
मेराल थाना प्रभारी योगेंदर कुमार ने बताया कि हिरासत में लिया गया दोनों से प्रशासन कड़ाई से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का पूरा अथक प्रयास है कि जिंदा हो या मुर्दा बरामद किया जा सके। उन्होंने कहा कि घटित घटना क्रम की खुलासा करने के लिए प्रशासन लगातार हर एक बिंदुओं की जांच कर रही है।