मेराल : थाना क्षेत्र के सिवाना स्थित बाजूडीह गांव निवासी स्थानीय कोयल नदी में मछली मारने के दौरान अचानक गायब दरोगा सिंह को 4 दिन बीत जाने के बावजूद भी प्रशासन द्वारा उसे खोज नहीं निकालने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार के दिन 2:00 बजे के लगभग मझिआंव व गढ़वा मुख्य पथ के बीच खजूरी सिवाना स्थित बाजूडीह मुख्य पथ गेट के पास सड़क जाम कर दिया। जाम से सड़क के दोनों ओर छोटी बड़ी वाहनों की कतार लग गई। जिससे से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकांश लोग पैदल ही जाने पर विवश हो गए। गढ़वा की ओर से जपला जाने वाली महाराणा यात्री बस को पुणः लौटकर गढ़वा जाना पड़ा। जाम स्थल पर लेटे गायब दरोगा सिंह की पत्नी अर्पणा देवी व परिजन समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
इधर आक्रोशित ग्रामीणों को कहना है कि जब तक जिले के वरीय पदाधिकारी द्वारा गायब दरोगा सिंह को अविलंब ढूंढ निकालने का आश्वासन नहीं दिया जाता है। तब तक सड़क जाम यथावत रहेगा।
ज्ञात हो कि इस 4 दिन पूर्व गांव के ही अमेरिका पासवान, दरोगा सिंह एवं नंदकिशोर सिंह उर्फ नंदा सिंह तीनों अपने गांव बाजूडीह से सटे स्थानीय कोयल नदी में मछली मारने के लिए गए हुए थे इसी बीच दरोगा सिंह को छोड़कर दो अन्य साथी अपने अपने घर लौट गए थे।
इधर इस संबंध में मेराल थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि गायब दरोगा सिंह को खोज निकालने के लिए खोजी कुत्ता का भी उपयोग किया जा सकता है। मेराल बीडीओ गौतम कुमार जाम की सूचना पाकर मौके पर 5:00 बजे के लगभग पहुंच जाम हटवाने का प्रयास कर रहे थे।

इसी बीच जाम स्थल पर गढ़वा एसडीपीओ बहमन टूटी और मेराल बीडीओ गौतम कुमार, मेराल थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच ग्रामीणों को समझा-बुझाकर 24 घंटे के अंदर न्याय दिलाने का आश्वासन पर जाम करीब 5.30 बजे हटवा दिया। इसके बाद पदाधिकारी गण घटनास्थल पर भी जायजा लेने निकल गए।