बंशीधर नगर : नगर उंटारी प्रखंड के जिला परिषद सदस्य प्रियंका देवी ने भवनाथपुर में चल रहे मजदूरों के अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने अपनी ओर से मजदूरों के लिए 50 किलो चावल, 50 किलो आलू और 11 सौ रुपए का सहयोग अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सोमवार को भेजवाया है।
उन्होंने कहा की खदान बंद होने से खदान में कार्यरत हजारों मजदूर एवं उनके परिवारों के समक्ष भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि खदान में सिर्फ भवनाथपुर के लोग ही नहीं बल्कि अनुमंडल मुख्यालय के विभिन्न जगहों के मजदूर काम करने के लिए आते थे। नगर उंटारी के बड़ी संख्या में मजदूर खदान में काम करते थे। उन्होंने कहा कि लगभग 11 माह से खदान बंद है।
अब तक खदान चालू नहीं हुआ। लोगों के बीच खाने पीने की किल्लत हो रही है। उन्होंने कहा कि तुलसीदामर में डोलोमाइट खदान चालू करने की तिथि तक मजदूरों को मजदूरी का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि खदान बंद होने से पहले तोड़े हुए पत्थर खदान में पड़े हैं, उसकी मापी कराकर भुगतान करना, सेल आरएमडी कर्मियों का हो रहे स्थानांतरण पर रोक लगाना की मांग किया है। मौके पर अनिल पासवान, जितेंद्र यादव सहित अन्य उपस्थित थे।