बंशीधर नगर : धुरकी थाना अंतर्गत टाटीदीरी ग्राम में नव विवाहिता के साथ ससुर व देवर द्वारा डेढ़ माह तक बलात्कार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
पीड़िता के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रंका थाना अंतर्गत दूधवल ग्राम निवासी कलीम अंसारी ने अपनी पुत्री की शादी धुरकी थाना अंतर्गत टाटीदीरी ग्राम निवासी अशफाक अंसारी के साथ 23 जुलाई 2020 को किया था। शादी के 2 महीने बाद तक सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन इसके बाद ससुर व देवर द्वारा उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाने लगा। श्वसुर पीड़िता पर डेढ़ लाख रुपए नगद व गाड़ी मंगाने के लिए दबाव बनाने लगा। इसी बीच जब उसका पति अशफाक अंसारी घर में नहीं था, तो मौका देख कर रात्रि को ससुर ने बलात्कार किया तथा कहा कि यदि दहेज मंगा दोगी तो वे लोग उसे ठीक से रखेंगे।
यदि दहेज नहीं मंगाओगी तो साथ रहना पड़ेगा। वह उसे रानी बनाकर रखेगा।
पति के घर लौटने पर जब पीड़िता ने उसे इस घटना के बारे में बताया तो उसने चुप्पी साध ली। देवर भी उसके साथ यही सब करने लगा। डेढ़ माह तक पीड़िता बर्दाश्त करती रही। जब पीड़िता अपने मायके में इसकी सूचना देना चाहा तो, ससुर व देवर जान से मारने की धमकी देने लगे।
एक दिन मौका पाकर पीड़िता ने अपने पिता को बुलाया तथा अपने साथ हुए घटना के बारे में बताया। जब पीड़िता के पिता द्वारा इस मामले को उठाया गया तो पीड़िता के श्वसुर व देवर मारपीट करने पर उतारू हो गए। किसी तरह कलीम अंसारी अपनी पुत्री को लेकर अपने घर आया। इसके कुछ दिन बाद जब पीड़िता के ससुराल वाले उसे लेने गए तो पीड़िता ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया तथा पूछताछ करने पर अपने साथ हुए अनाचार की जानकारी दी।
इसके बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया।पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए गढ़वा भेज दिया है।