गढ़वा : प्रखंड अंतर्गत बीरबंधा पंचायत में सरकार का लाखों रुपये बर्बाद हो रहा है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है।
गढ़वा प्रखंड के बीरबंधा पंचायत भवन के पास अवस्थित प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र बीरबंधा का निर्माण लगभग इकतालीस लाख रुपए की लागत से हुआ है। सरकार का उद्देश्य था कि बीरबंधा के ग्रामीणों अगर बीमार होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल सुविधा मिल सके। भवन के नाम पर 41 लाख रुपए से भवन बन चुका है। भवन को बने हुए लगभग 3 वर्ष हो गया है परंतु ना तो यहां अभी तक किसी डॉक्टर की नियुक्ति हुई है और ना ही किसी नर्स का।
आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि यह भवन बना था तो हमलोगों में बहुत ही आशा की किरण जगी थी कि कभी भी हमारे परिवार के बच्चे, बूढ़े बीमार हो तो इलाज बहुत जल्द हो सकता है, लेकिन या उप स्वास्थ्य केंद्र बीरबंधा तो आंखें बिछाए हुए, उद्घाटन का बाट जो रहा है।
आखिर कब तक इस तरह से सरकार के पैसों का दुरुपयोग होता रहेगा। यह तो आने वाला समय ही बता सकता है।
बीरबंधा पंचायत के मुखिया अलीजामा अंसारी से जब हमने बात किया तो उन्होंने बताया कि अभी तक हम कई बार इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से कर चुके हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।