गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला प्रवक्ता धीरज दुबे ने भाजपा द्वारा आयोजित वनभोज कार्यक्रम को शहीदों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि 2 वर्ष पूर्व आज के दिन ही पुलवामा हमले में देश के 40 जवान शहीद हुए थे जिसे पूरा देश काला दिवस के रूप में मनाता है। परंतु गढ़वा जिले में भाजपाइयों ने बेशर्मी की सारी हदें पार करते हुए वनभोज का आयोजन कर उत्सव मना रहे हैं।
श्री दुबे ने आलोचना करते हुए कहा कि राजधर्म को ना मानने वालों को कमसे कम राष्ट्रधर्म का पालन जरूर करना चाहिए था। यह घटना साबित करती है की भाजपाइयों के दिल में कुछ और मस्तिक में कुछ और होता है। देश और सेना के प्रति प्रेम सिर्फ वोट की राजनीति के लिए नहीं बल्कि यह अंतर्मन से सभी देशवासियों के अंतःकरण में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को इस कृत्य पर शहीदों के परिजन से माफी मांगनी चाहिए।