रंका : पिछले 50 वर्षों से पूर्व के जनप्रतिनिधियों द्वारा जानबूझकर छोड़े गए जनोपयोगी विकास योजनाओं को पांच वर्ष के अंदर हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। जिससे इस इलाके की तस्वीर एवं तकरीर बदलेगी। सरकार के गठन के साथ ही इस इलाके के कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सूची संबंधित विभागीय सचिवों तक पहुंचाया जा चुका है। जिसके निष्पादन के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
उपरोक्त बातें पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गुरुवार को रंका प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड के अधिकारियों एवं 14 पंचायत के कार्यकर्ताओं एवं आमलोगों से समस्या के निदान के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा की प्रखंड के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आम जनों की समस्याओं का तत्काल निष्पादन करेंगे आम जनता की समस्या के समाधान करने में कोताही बरतने वाले अधिकारियों कर्मचारियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उन्होने आमजनों से अपील करते हुए कहा की आप सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शालीनता पूर्वक अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कोरोना संक्रमण से लड़ाई में जिला प्रशासन अनुमंडल प्रशासन पुलिसकर्मी एवं प्रखंड कर्मियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा की, अभी तक देश राज्य व गढ़वा जिला कोरोना मुक्त नहीं हुआ है। इसलिए उसके दिशा निर्देश का हर हाल में स्वयं अपने व परिवार तथा समाज के लिए पालन किए जाने की आवश्यकता है।
इस मौके पर लगभग सभी पंचायतों से सड़क निर्माण पुलिया निर्माण पेयजल सिंचाई एवं ऑनलाइन तथा जन वितरण से समस्या से संबंधित आवेदन लोगों ने दिया है। जिस पर मंत्री ने जांचोपरांत तत्काल कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय पुलिस निरीक्षक हरि किशोर मंडल प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया जिलाध्यक्ष तनवीर आलम प्रखंड अध्यक्ष आशीष गुप्ता, देवेंद्र तिवारी, मोरध्वज प्रसाद सिंह, बृजेंद्र चौधरी, कार्तिक पांडे तथा मुमताज अली रंगसाज समेत कई अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।