बंशीधर नगर : कोलझिकी पंचायत के मुखिया सविता देवी के पति अजय प्रसाद गुप्ता अपने पूरे परिवार का राशन जन वितरण प्रणाली दुकान से उठातेे हैं। जबकि इनके पास तीन जगह गांव में, भवनाथपुर में व जिला मुख्यालय गढ़वा में पक्का मकान है। दो पहिया व चार पहिया वाहन भी है साथ ही गढ़वा बाजार समिति में जेनरल सामानों का थोक दुकान भी है।
इसकी जानकारी देते हुए गांव के गोपाल प्रसाद नेे बताया कि मुखिया पति अजय प्रसाद गुप्ता गांव के डीलर नीलू कुंंवर के जन वितरण प्रणाली दुकान से राशन का उठाव करते हैं। इनका पीएच राशन कार्ड संख्या 202005299721है। जबकि उनके चाचा संजय प्रसाद गुप्ता भी सरकारी राशन का उठाव करते हैं। इनका राशन कार्ड संख्या 2020 05280476 है।
जबकि संजय का रमना में दो जगहों पर पक्का का मकान है। वे पिंडरिया की डीलर उर्मिला देवी के यहां से लगातार राशन ले रहे हैं। वहीं कलावती देवी पति विनोद गुप्ता आरती महिला विकास समिति की डीलर वृंदा देवी के दुकान से राशन उठाती हैं। कलावती का राशन कार्ड संख्या 202000089578 है। इनका भी गांव के अलावे रमना में पक्का का मकान है और रमना में ही सपरिवार निवास करती हैं।
इधर संपर्क करने पर मुखिया पति श्री गुप्ता ने कहा कि दरअसल उन्होंने खुद राशन कार्ड नहीं बनाया है। सरकारी व्यवस्था के तहत उनका राशन कार्ड बना है। उससे उन्हें अनाज मिलता है, इसलिए लेते हैं।