गढ़वा : उपायुक्त राजेश कुमार पाठक की अध्यक्षता में विशेष केंद्रीय सहायता (एससीए) योजना के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। उक्त बैठक में उपायुक्त ने विशेष केंद्रीय सहायता (एससीए) योजना अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं के भौतिक व वित्तीय प्रगति, लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र व डीसी विपत्र जमा करने के विषय में क्रमवार समीक्षा की।
बैठक में उपायुक्त ने स्पेशल डिवीजन के लिए इस वित्तीय वर्ष 7 स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा की जहां पाया गया कि उक्त योजनाओं में अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। ऐसे में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को राशि एवं अभिलेख वापस करने का निर्देश दिया ताकि उसका उपयोग अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा सके।
इसके अलावा एससीए स्कीम के तहत विभिन्न प्रखंडों में संचालित योजनाओं की जांच को लेकर उपायुक्त ने सोने हारा में बेलवा दहनाला पर पुलिया निर्माण हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी डंडई को निर्देशित किया साथ ही मेराल ब्लॉक में संचालित सरस्वतिया नाला पर आरसीसी कल्भर्ट निर्माण की जांच का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी मेराल को दिया। उपायुक्त ने गढ़वा प्रखंड अंतर्गत संचालित योजना, ग्राम उड़सुगी, टोला लंगुराहा में गोरा नाला पर पुलिया निर्माण की जांच का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी गढ़वा को दिया।
बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों यथा वन प्रमंडल, आरईओ, स्पेशल डिवीजन, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कृषि विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, पंचायती राज विभाग, कल्याण विभाग, जल पथ प्रमंडल गढ़वा, लघु सिंचाई विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग समेत अन्य को लंबित डीसी विपत्र जल्द से जल्द जमा करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
साथ ही उन्होंने एससीए के तहत चल रही योजनाओं के पूर्ण होने पर, उनका पूर्णता प्रमाण पत्र तथा जियो- टैग के साथ हाई रेजोल्यूशन फोटोग्राफ उपलब्ध कराने का निर्देश सभी पदाधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने कहा कि पूर्ण योजनाओं से जुड़े पूर्णता प्रमाण पत्र, फोटोग्राफ व डीसी विपत्र सभी पदाधिकारी जल्द से जल्द जिला विकास शाखा को देना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपायुक्त के अलावा, उप विकास आयुक्त गढ़वा, निदेशक डीआरडीए गढ़वा, जिला पंचायतराज पदाधिकारी, जिला कृषि पाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता जल पथ प्रमंडल गढ़वा, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, जिला कल्याण पदाधिकारी गढ़वा, विभिन्न प्रखंडों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारी व कर्मी समेत अन्य उपस्थित थे।