गढ़वा : गढ़वा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जा रहे प्रथम प्राण रंजन मेमोरियल क्रिकेट के दुसरे सेमीफाईनल में शनिवार को गढ़वा रेंजर ने गढ़वा डायनामोस को 55 रनों से पराजित कर फाईनल में प्रवेश किया। फाईनल में रविवार को गढ़वा रेंजर्स का मुकाबला पलामू वाॅरियर्स से होगा। गढ़वा रेंजर्स के आर्यन पाण्डेय को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़वा रेंजर्स ने 40 ओवरों में 9 विकेट खोकर 277 रन बनाये। इसमें जितेन्द्र यादव ने 67, आर्यन पाण्डेय ने 48, कमल नयन ने 30, रोहित सिंह ने 21 रनों का सहयोग किया। गढ़वा डायनामोस की ओर से गेन्दबाजी करते हुए अविरुप सिन्हा ने 39 रनों पर 4 तथा मोहसीन खान एवं फैजल अहमद ने क्रमशः 48 एवं 38 रन देकर 2-2 विकेट प्राप्त किया।
जवाबी पारी खेलने उतरी गढ़वा डायनामोस की टीम 38वें ओवर में 222 रनों पर ऑल आउट हो गयी। इसमें राहुल राज ने 87, आयुष कश्यप ने 32, प्रशान्त गोस्वामी ने 26 तथा अविरुप सिन्हा ने 14 रनों का योगदान दिया। गढ़वा रेंजर्स की ओर से गेन्दबाजी करते हुए रोहित सिंह, सुरज कुमार ओझा एवं आर्यन पाण्डेय ने 2-2 विकेट प्राप्त किया। आर्यन पाण्डेय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी हेमन्त श्रीवास्तव उर्फ लाला द्वारा दिया गया।