गढ़वा : शारिक खान के शतकीय पारी की बदौलत गढ़वा टाईगर्स ने गढ़वा डेंजर्स को एक विकेट से पराजित कर पुरे अंक अर्जित किये। शारिक ने महज 63 गेन्दों में 14 चैको एवं 8 छक्कों की धुंआधार पारी की बदौलत 122 रन ठोंक डाले। उसे मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
टाॅस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़वा डेंजर्स ने निर्धारित 45 ओवरों के इस मैच में 9 विकेट खोकर 248 रन बनाया। इसमें रमन सिंह ने शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेलते हुए नाबाद 50 रन बनाये। वहीं तन्मय कुमार ने 36, दिव्य रंजन ने 33, प्रशान्त गोस्वामी ने 31, अर्पित गिरी ने 25 तथा पंकज चैधरी ने 23 तथा अंकित राज ने 16 रनों का योगदान दिया।गढ़वा टाईगर्स की ओर से गेन्दबाजी करते हुए अजय सिंह ने 4, शुभम गौरव ने 3 तथा शारिक खान एवं अंकित पाण्डेय ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
जवाबी पारी खेलने उतरी गढ़वा टाईगर्स की टीम ने शारिक के विस्फोटक शतक से 32 वें ओवर में 9 विकेट खोकर विजय लक्ष्य प्राप्त कर लिया। टाईगर्स की ओर से शारिक के 122 के अतिरिक्त मोहित राज ने 33, अजय सिंह ने 18 तथा मंजय पाल ने 14, अखलाकुर ने 13 तथा कुमार गौरव ने 10 रनों का योगदान दिया। गढ़वा डेजर्स की ओर से गेन्दबाजी करते हुए ध्रुव कुमार मेहता ने 5, प्रशान्त गोस्वामी ने 3 तथा अंकित राज ने 1 विकेट प्राप्त किया।

शारिक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
गढ़वा जिला क्रिकेट संघ के सचिव पंकज कुमार चैधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का अन्तिम लीग मैच बुधवार को गढ़वा टाईगर्स तथा गढ़वा रेंजर्स के बीच खेला जाएगा। इसके पश्चात प्वाईन्ट टेबल के आधार पर अन्तिम चार में पहुंचने वाली टीम पलामू वाॅरियर्स, गढ़वा रेंजर्स, गढ़वा टाईगर्स तथा गढ़वा डायनामोस के बीच नाॅक आउट आधार पर सेमी फाईनल तथा फाईनल खेला जाएगा।
सचिव ने बताया कि प्रतियोगिता का फाईनल 7 फरवरी को खेला जाएगा।