गढ़वा : जिला मुख्यालय गढ़वा के बालिका मध्य विद्यालय के मैदान खेले जा रहे प्रथम प्राण रंजन मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को गढ़वा स्मैशर्स ने गढ़वा डेंजर्स को 5 विकेट से पराजित कर पुरे अंक अर्जित किये। गढ़वा स्मैशर्स के ध्रुव कुमार मेहता को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़वा डेंजर्स की पुरी टीम 30 वें ओवर में 150 रन बना कर आउट हो गयी। इसमें रुहन कुमार ने 44, आयुष सिंह ने 27 रनों का योगदान दिया। इसके अतिरिक्त अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक में प्रवेश नही कर सका। जबकि 39 रन अतिरिक्त रन भी प्राप्त हुए। गढ़वा स्मैशर्स की ओर से गेन्दबाजी करते हुए ध्रुव कुमार मेहता ने 25 रनों पर महत्वपूर्ण 4 विकेट प्राप्त किये।
वहीं अनुज कुमार मेहता ने 22 रनों पर 3, सुरज कुमार ओझा ने 19 रनों पर 2 विकेट प्राप्त किया।
जवाबी पारी खेलने उतरी गढ़वा स्मैशर्स ने 16 वें ओवर में 5 विकेट खोकर विजय लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। स्मैशर्स की ओर से आंनद कुमार ने 36, अमन सिंह ने 27, ध्रुव कुमार मेहता एवं अर्पित गिरी ने 20-20 रन बनाए। गढ़वा डेंजर्स की ओर से सुधांशु, हिमांशु, चंदन, प्रशान्त एवं हर्षित ने 1-1 विकेट प्राप्त किये। ध्रुव कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।