गढ़वा : यहां खेले जा रहे प्राण रंजन मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शनिवार को खेले गये मैच में पलामू वाॅरियर्स ने गढ़वा स्मैशर्स को 4 विकेट से पराजित कर पुरे अंक अर्जित किये। मैच में अर्द्धशतकी पारी खेलने वाले अभिनव कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़वा स्मैशर्स ने 35 ओवरों में सात विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें ध्रुव कुमार मेहता ने शानदार अर्द्धशतक लगाते हुए नाबाद 67 रन बनाए। वहीं हर्ष सिंह ने 21, मानस राज ने 20, प्रियांशु राज ने 18 तथा रविरंजन ने 21 रनों का योगदान दिया। पलामू की ओर से गेन्दबाजी करते हुए विकास कुमार एवं गुंजन ने 2-2 विकेट प्राप्त किया।
जवाबी पारी खेलने उतरी पलामू वाॅरियर्स ने 30 वें ओवर में 6 विकेट खोकर विजय लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
पलामू की जीत में अभिनव ने 62, विवेक कुमार ने 61, उज्जवल कुमार ने 38 तथा संदीप कुमार ने नाबाद 13 रन बनाये। गढ़वा की ओर से सुरज ओझा, अनुज मेहता एवं ध्रुव कुमार मेहता ने 2-2 विकेट प्राप्त किया। अभिनव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।