भवनाथपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम में वैक्सीन लगवाने को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मी उत्साहित नजर आए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हॉस्पिटल के सभी चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मी मुस्तैद थे। टीकाकरण से पहले सभी का हाथ सेनीटाइज कराने के बाद थर्मल जांच किया गया।
डॉ दिनेश ने बताया कि सर्दी बुखार या किसी अन्य कारण से अस्वस्थ होने के कारण कई लोग टीका नहीं लगा सके वैसे लोगों को स्वस्थ होने के बाद ही टीका लगाया जाएगा। वैक्सीन लगवाने के बाद आधे घंटे तक ऑब्जरवेशन रूम में रखा गया।
ऑब्जरवेशन के बाद बाहर आई ए एन एम अगाधा टोप्पो सफाई कर्मी फुलेश्वरी देवी, डॉ सैनी, एमपी डब्लू जी प्रसाद सहित अन्य से पूछे जाने पर बताया कि वैक्सीन लेने के बाद उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है तथा पहले की तरह ही वे स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।
ऑब्जरवेशन से निकलने के बाद तुरंत अपने-अपने काम में भी लग गए। कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। सीएचसी में वैक्सीनेशन कार्यक्रम की सफलता को लेकर सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उत्साहित नजर आए।