गढ़वा : गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को गढ़वा जिला मुख्यालय के स्थानीय टाउन हॉल मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन होगा। प्रातः 09ः01 बजे झंडोत्तोलन होगा। समारोह की तैयारी जोरशोर से चल रही है। समारोह को लेकर जवानों ने परेड का पूर्वाभ्यास किया। आज दिनांक 24 जनवरी 2021 को परेड पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन स्थानीय टाउन हॉल मैदान में उपायुक्त राजेश कुमार पाठक एवं पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत एस खोटरे ने संयुक्त रूप से परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया।
परेड पूर्वाभ्यास के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त व एसपी ने मुख्य समारोह के कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए परेड से संबंधित कई दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त श्री राजेश कुमार पाठक ने मुख्य समारोह के दिन समय पर उपस्थित होने और COVID-19 के संक्रमण के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने इत्यादि एहतियात बरतने का निर्देश दिया।
मौके पर उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षित रहते हुए समारोह में भाग लें। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि COVID-19 के संक्रमण को देखते हुए इस वर्ष गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह व अन्य जगहों पर आयोजित होने वाले समारोहों में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने पर ध्यान रखा गया है। समारोह में कम भीड़ लगाने की नसीहत दी गयी है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर समारोह के मुख्य स्थल पर जगह जगह पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
मौके पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जियाउल अंसारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री चंद्रजीत सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री अरुण उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।