गढ़वा : जिले के लिए आज का दिन काफी ऐतिहासिक है। स्पेशल न्यू- बोर्न केयरिंग यूनिट के उद्घाटन हो जाने से जिले के नवजात बच्चों को किसी तरीके की परेशानी होने पर दूसरे राज्य या शहरों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। उनका इलाज उनके घर गढ़वा में ही संभव हो जाएगा। उक्त बातें माननीय स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कही। वे आज दिनांक 24 जनवरी 2021 को सदर अस्पताल के प्रांगण में एसएनसीयू, उच्च स्तरीय अल्ट्रासाउंड मशीन तथा पुलिस शिविर कक्ष का उद्घाटन कर रहे थे।
उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि एसएनसीयू की उपलब्धता जिले में ना होने से जिले के नवजात जिन्हें किसी तरह की परेशानियां रहती थी अथवा 1 साल तक की उम्र के बच्चे जो विभिन्न समस्याओं से जूझते थे, उनका यहां इलाज संभव नहीं था।
ऐसे में उन्हें बेहतर इलाज हेतु दूसरे बड़े शहरों में रेफर किया जाता था। एसएनसीयू की शुरुआत होने से जिले के नवजात बच्चों को तथा उनके परिवारों को लाभ पहुंचेगा। वैसे लोग जो इलाज में बड़े खर्चे उठा पाने में सक्षम थे उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा। एसएनसीयू के आ जाने से नवजात शिशु जो किसी परेशानी से पीड़ित है उन्हें उनके गृह जिले में ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि एसएनसीयू के साथ-साथ उच्च स्तरीय अल्ट्रासाउंड मशीन का भी आज उद्घाटन किया जा गया है जो लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व सदर अस्पताल में उच्च स्तरीय आधारभूत सुविधाओं से लैस आईसीयू का भी उद्घाटन किया जा चुका है, जो कि वर्तमान में पूर्ण रूप से कार्यरत है तथा जिले वासियों को इसकी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिन जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु गढ़वा की जनता ने मुझे चुना है मैं उन सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की कोशिश में लगातार जुटा हूं। मेरा लक्ष्य ना सिर्फ गढ़वा विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे गढ़वा जिले को राज्य में अग्रणी जिले का दर्जा दिलाने का है। हम गढ़वा सदर अस्पताल को राज्य में मॉडल अस्पताल के रूप में बनाने की ओर कार्यरत है। वो दिन दूर नहीं जब सदर अस्पताल गढ़वा को दूसरे जिलों में भी सराहा जाएगा। इस ओर लगातार कार्य भी किया जा रहा है इसके लिए पूरा महकमा यथा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य प्रतिनिधि लगातार कार्यरत हैं। सदर अस्पताल में पुलिस शिविर कक्ष के बारे में उन्होंने बताया कि बहुत दिनों से सदर अस्पताल में पुलिस पिकेट की मांग की जा रही थी, उसी क्रम में आज सदर अस्पताल में पुलिस अधीक्षक के सहयोग से पुलिस शिविर कक्ष का उद्घाटन किया गया इस उत्कृष्ट कार्य के लिए मैं पुलिस अधीक्षक को साधूवाद देता हूं।
अंततः उन्होंने कहा कि सिर्फ सुविधाएं उपलब्ध करा देने से ही सभी समस्याओं का निराकरण हो जाए यह संभव नहीं है। इसके लिए कुशल चिकित्सक तथा नर्सिंग स्टाफ की भी आवश्यकता होती है। जिसके लिए वर्तमान सरकार निरंतर कार्यरत हैं। अंत मे उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न प्रकार के उपकरण व सुविधाएं जनता की संपत्ति है। ऐसे में इसके रखरखाव का ख्याल रखने की जिम्मेदारी उनकी भी है। ऐसे में अस्पताल परिसर में गंदगी ना फैलाते हुए समुचित ढंग से स्वास्थ्य सुविधाओं का नियमानुसार लाभ ले। उन्होंने चिकित्सक और आम जनता को आपसी सामंजस्य बैठाकर बेहतर गढ़वा के लिए कार्य करने की अपील की।
एसएनसीयू के आने से नीति आयोग के स्वास्थ्य सूचकांक में अब गढ़वा का होगा बेहतर प्रदर्शन : उपायुक्त
उपायुक्त राजेश कुमार पाठक ने स्पेशल न्यू- बोर्न केयरिंग यूनिट के विषय में बताते हुए कहा कि गढ़वा जिले में एसएनसीयू नहीं होने के कारण हमारा जिला नीति आयोग के सूचकांको में पीछे रह जा रहा था।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग जिले में मुहैया कराई जा रही है स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करता है ऐसे में एसएनसीयू इसके लिए काफी लाभप्रद साबित होगा। धीरे धीरे हम नीति आयोग के विभिन्न सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और उम्मीद है कि इसी प्रकार एसएनसीयू समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के जिले में होने से स्वास्थ्य के क्षेत्र में गढ़वा जिला और बेहतर प्रदर्शन करने में सफल हो सकेगा।
मौके पर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि सदर अस्पताल में आए दिन कुछ ना कुछ घटनाएं संज्ञान में आती रहती हैं उसे लेकर पुलिस का रिस्पांस टाइम काफी महत्वपूर्ण रहता था ऐसे में लोग सुरक्षित महसूस करें तथा स्वास्थ्य कर्मी निर्भीक होकर कार्य कर सकें इसके लिए सदर अस्पताल में पुलिस शिविर कक्ष की स्थापना की जा रही है।
पुलिस शिविर कक्ष स्थापित हो जाने से किसी भी घटना का स-समय निराकरण किया जा सकेगा।
मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री, झारखंड सरकार मिथिलेश कुमार ठाकुर, उपायुक्त राजेश कुमार पाठक, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे, अनुमंडल पदाधिकारी सदर मोहम्मद जियाउल अंसारी, सिविल सर्जन डॉक्टर एनके रजक, डीपीएम स्वास्थ्य विभाग प्रवीण कुमार, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व कर्मी समेत अन्य उपस्थित थे।