बंशीधर नगर : कोविड-19 को लेकर गणतंत्र दिवस के अनुमंडल स्तरीय मुख्य समारोह में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का कोई कार्यक्रम नहीं होगा और ना ही राष्ट्रगान की ही प्रस्तुति प्रतिभागी कर सकेंगे। जबकि 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले किसी भी बच्चों का कार्यक्रम चयनित नहीं किया गया है। इस तरह अनुमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में कोई भी कार्यक्रम नहीं हो पाएगा।
जबकि गत 19 जनवरी को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में एसडीओ जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह पूर्वक मनाने को लेकर हुई बैठक में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। निर्णय के आलोक में गत शुक्रवार को जमा दो उच्च विद्यालय के सभागार में विद्यालीय बच्चों के बीच राष्ट्रगान, वंदे मातरम, लोकगीत व देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था।
जिसमें गणतंत्र दिवस के अनुमंडल स्तरीय मुख्य समारोह में प्रस्तुति देने के लिए प्रतिभागियों का चयन भी किया गया था। दूसरे दिन जमा दो उच्च विद्यालय के सभागार में विद्यालीय बच्चों का मैदानी कार्यक्रम व झांकी चयनित किया जाना था। लेकिन अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार का निर्देश मिलने के बाद विद्यालय में बच्चों का सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।