बरडीहा : बरडीहा प्रखंड मुख्यालय स्थित गायत्री मंदिर परिसर से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान की शुरूआत शुक्रवार को की गई।
अभियान के जिला सह संयोजक आशिष कुमार वैद्य ने पहला सहयोग निधि दाता सतीश यादव की पत्नी चंपा देवी को कूपन प्रदान किया। साथ ही सत्येंद्र पासवान, संजय राम, जयराम ठाकुर, प्रह्लाद प्रजापति ने सहयोग निधि प्रदान किया। सहयोग निधि प्रदान कर व कूपन प्राप्त कर लोग काफी खुश थे। सभी ने एक स्वर में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीराम के मंदिर निर्माण में सभी जिलेवासियों को बढ़चढ़कर सहयोग निधि समर्पित करना चाहिए। निधि समर्पण अभियान के मझिआंव प्रखंड
संयोजक पुष्परंजन ने कहा कि श्रीराम भारत के लोगों के मन मन्दिर में विराजमान हैं और जब हम सभी को श्रीराम के भव्य मंदिर बनाने का अवसर मिला है तो तन मन और धन देकर अपनी भी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
दान भारतीय सनातन संस्कृति की पुरातन परम्परा व विशेषता रही है। इसी परम्परा की निर्वहन के लिए भारत वर्ष में निधि संग्रह की योजना बनाई गई है।
मौके पर ललित पांडेय, निधि समर्पण समिति जिला कार्यसमिति सदस्य कुमार प्रियंक, प्रखंड संयोजक सतेंद्र पासवान, सह संयोजक योगेंद्र ठाकुर आदि उपस्थित थे।