चिनियां : झारखंड सरकार के आदेशानुसार चिनियाँ प्रखंड के बरवाडीह पंचायत भवन में पुनरीक्षित राष्ट्रीय यक्ष्मा नियंत्रण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क जांच एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। जिसमें चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलदेव चौधरी ने यक्ष्मा (टीबी) रोग के लक्षण वाले मरीज को जांच किया तथा बलगम जांच हेतु सेम्पल लिया गया। इसका रिपोर्ट बाद में सहिया के माध्यम से बताया जाएगा। अगर जांच में पॉजिटिव आता है तो उसका नियमित दवा सरकारी अस्पताल से निःशुल्क दिया जाएगा। साथ ही मरीज के खानपान के लिए प्रत्येक माह 500 रुपये भी मिलेगा।
डॉ चौधरी ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि दो हफ्तों से ज्यादा खांसी टी.बी. हो सकता है। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर बलगम की मुफ्त जांच कराएं।
टी.बी. की जांच व इलाज सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध है। टी.बी. की दवा निश्चित अवधि तक नियमित रूप से लें। अधूरे इलाज से टी.बी. लाइलाज हो सकती है। टी.बी. रोगी को परिवार से अलग ना करें। कीटाणु नाशक युक्त थूकदान में ही थूकें। खाँसते या छींकते समय मुँह पर रुमाल अवश्य रखें। यह मन से भ्रम हटा लें कि टीबी ठीक नहीं हो सकता है। क्षय रोग लाइलाज नहीं है कि बल्कि हर स्तर पर सम्पूर्ण इलाज है।
मौके पर एनजीओ प्रोजेक्ट अक्षय के, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर दिलीप कुमार, सुमन कच्छप, एसटीएलएस मो. सलीम अंसारी, एमपीडब्ल्यू प्रिंस रंजन, बीटीटी श्याम सुंदर यादव, आईसीवी बली राम आदि उपस्थित थे।