गढ़वा : मकर संक्रांति के अवसर पर झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त अधिकारी संगठन ने सदर प्रखंड के अचला गांव के भुइया टोला के एक सौ जरूरतमंदों के बीच चूड़ा, लाई, तिलकुट और गुड़ का वितरण किया गया। संगठन के बबन पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी अरुण कुमार सिन्हा, नर्वदेश्वर शुक्ला, अमरेंद्र कुमार सिन्हा, शिवाजी श्रीवास्तव और अवध नारायण चौबे ने संयुक्त रूप से लोगों के बीच वितरण किया।
इस मौके पर लोगों ने भुइया टोली के लोगों को मकर संक्रांति उत्सव के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए कहा कि मकर संक्रांति का यह पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक सेवा निवृत्त पदाधिकारी संगठन जरूरतमंदों के बीच समाज सेवा का काम करता है।
संगठन की ओर से जरूरतमंद के बीच कंबल का वितरण, लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था सहित अन्य कार्य अब तक किया जाता रहा है।