बंशीधर नगर : युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था नेहरू युवा केंद्र गढ़वा के तत्वावधान में नगर उंटारी प्रखंड के अंश युवा मंडल गरबांध के कार्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के तहत लोगों में बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के प्रति जागरूकता लाने के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 19 प्रतिभागी शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अभिषेक कुमार चौबे ने कहा कि दहेज प्रथा के कारण आज भी भारतीय समाज में बाल विवाह धड़ल्ले से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दहेज व बाल विवाह हमारे समाज के लिए एक कोढ़ बन गया है। जिसे हम सभी को मिलकर जड़ से समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
इसके लिए समाज के हर वर्ग के लोगों का सहयोग अपेक्षित है। गांव समाज में जहां कही भी ऐसा होता है, उसे रोकने के लिए एक-दूसरे को सहयोग कर के ही इसके दुष्प्रभाव पर लगाम लगाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया प्रतियोगिता में कुल 12 लड़कियां व 7 लड़के शामिल हुए। प्रतियोगिता परिणाम की घोषणा युवा सप्ताह समाप्त होने के बाद किया जाएगा तथा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को केंद्र के द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। प्रतियोगिता के समापन के बाद जल शक्ति अभियान के तहत उपस्थित युवाओं को जल संरक्षण हेतु शपथ भी दिलाया गया।
मौके पर अंश युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज कुमार, युवा मंडल के सदस्य राकेश कुमार, मणिलाल कुमार, मनीष कुमार, सोनू कुमार, रानी कुमारी, कांति कुमारी, अंजली कुमारी, पूनम कुमारी, प्रियंका कुमारी, अंकिता कुमारी, रानी कुमारी, बेबी कुमारी, सोनी कुमारी, विभा कुमारी, साधना कुमारी सहित युवा मंडल के सदस्य व प्रतिभागी उपस्थित थे।