रमना : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रमना नगर इकाई के द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस सह स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजीत किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से गढ़वा नगर उपाध्यक्ष अजय सेठ, रमना नगर उपाध्यक्ष
अखिलेश पटेल एवं नगर मंत्री शेखर गुप्ता मौजूद रहे।
छात्रों को संबोधित करते हुए अजय सेठ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने हमेशा युवा शक्ति को देश सेवा में अपना योगदान देने कि बात की है। स्वामी जी ने नर सेवा को नारायण सेवा के समान बताया था। उन्होंने विदेशो में भारत की अमीर संस्कृति का लोहा मनवाया। अमेरिका के शिकागो में दिए गए उनके भाषण को आज भी याद किया जाता है।
हर देशवासी को उन पर गर्व है। आज हम सब को अपने देश की एकता अखंडता, भाईचारे को कायम रखने के प्रयास में हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
रमना नगर उपाध्यक्ष अखिलेश पटेल ने कहा कि मात्र तीस वर्ष की आयु में स्वामी विवेकानन्द ने शिकागो, अमेरिका के विश्व धर्म सम्मेलन में हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व किया और उसे सार्वभौमिक पहचान दिलवायी। गुरुदेव रविन्द्र नाथ टैगोर ने एक बार कहा था-"यदि आप भारत को जानना चाहते हैं तो विवेकानन्द को पढ़िये। उनमें आप सब कुछ सकारात्मक ही पायेंगे, नकारात्मक कुछ भी नहीं।"
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रीति कुमारी, द्वितीय स्थान रितिक पांडेय और तृतीय स्थान मुस्कान कुमारी को प्राप्त हुआ।
नगर मंत्री शेखर गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन सचिन ने किया।
इस मौके पर महाविद्यालय के शिक्षकों, छात्रों एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उमाकांत त्यागी, अर्जुन चौधरी, परिषद के हर्ष, विकास,।कुंदन सहित कई कार्यकर्ता बंधु मौजूद रहे।