गढ़वा : सदर प्रखंड के तिलदाग पंचायत के महिला समूह की महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ को आवेदन देकर रोजगार सेवक पंकज कुमार पर परेशान करने का आरोप लगाया।
बीडीओ को सौंपे गए आवेदन में महिलाओं ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में समूह की ओर से दीदी बाड़ी योजना चल रहा है। दीदी बाड़ी योजना का कार्य पुरा होने पर दूसरे पंचायत के समूह को पैसा भी मिल गया। पर तिलदाग पंचायत के रोजगार सेवक पंकज कुमार पैसा लेने के बाद भी समूह की महिलाओं को परेशान करने का कार्य कर रहे हैं। रोजगार सेवक पंचायत में नहीं जाते है। तीन महिना पहले कार्य करा चुके हैं, उसके बाद भी कभी मास्टर रॉल, तो कभी डिमांड कॉपी लाने की बात कह परेशान करते हैं। हमेशा डिमांड फार्म भरने की बात कह प्रखंड और पंचायत में भवन में दौड़ाया जा रहा है।
महिलाओं के शिकायत पर बीडीओ कुमुद झा ने बताया कि महिलाओं के शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। महिलाओं के आरोप का जांच किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उक्त रोजगार सेवक को दूसरे पंचायत में तबादला हो गया है। जल्द ही उक्त पंचायत में दूसरे रोजगार सेवक योगदान करेंगे। उस दौरान बीडीओ ने रोजगार सेवक को बुलाकर फटकार भी लगाया।
बीडीओ को आवेदन देने वालों में संध्या देवी, लक्ष्मी देवी, रेशमी देवी, मेहरू निशा, रोहित चौहान सहित अन्य लोग शामिल थे।