गढ़वा। कांडी : कांडी थाना क्षेत्र स्थित बालू घाट के आफिस से पिछले 2 तारीख को हुए लूट कांड में कांडी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 4 घंटे में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने आज पत्रकार वार्ता के दौरान दी है।
उन्होंने बताया कि कांडी थाना क्षेत्र के राणाडीह बालू घाट पर उसके ऑफिस में से तीन लोगों ने पिस्टल का भय दिखाकर लूटपाट किया था और कैश बक्सा लेकर फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि उस लूट कांड में संलिप्त आलोक सिंह, अक्षय कुमार सिंह, सूर्य विजय सिंह उर्फ कुंदन सिंह को जो तीनों कांडी थाना क्षेत्र के भंडरिया गांव के रहने वाले हैं, सभी को गिरफ्तार किया गया है।
तीनों अपराधियो ने लूट कांड में अपनी संलिप्ता स्वीकार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित किया गया था और टीम ने 4 घंटे के अंदर सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान करते हुए तीनों को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ श्री टूटी ने बताया कि अपराधियों के पास से सिल्वर कलर का 7.65 एमएम का एक पिस्टल, ग्रे रंग का एक नकली पिस्टल, लुटे गए 3700 रुपये, तीन मोबाइल, तथा कैश बक्सा बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि आलोक सिंह डाल्टेनगंज से तड़ीपार है तथा उसके ऊपर वहां तीन केस है, जबकि कांडी थाना क्षेत्र में एक मामला दर्ज है। जबकि अक्षय कुमार सिंह के ऊपर 2007 में तथा 2016 में विभिन्न तरह का मामला दर्ज है और उसके बाद वह जेल गया था। 2019 में वह जेल से बाहर निकला था।
छापेमारी दल में कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, मुकेश कुशवाहा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।