खरौंधी : खरौंधी प्रखंड में प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में कोविड-19 महामारी के बाद हुए लॉकडाउन के दौरान स्कूल बच्चों के बंद हैं। जिसकी वजह से किसी भी क्लास के बच्चों का सिलेबस पूरा नहीं हुआ। इसलिए पहले डीजी साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई, लेकिन ऐसे में लगभग 70 प्रतिशत बच्चों तक डिजिटल पहुंच नहीं हाेने के कारण वे पढ़ाई नहीं कर पाए।
वैसे बच्चों का अधिगम सुनिश्चित करने करने के लिए नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक का वितरण किया गया। उसके बाद सरकार के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए पाठयक्रम यानी सिलेबस को संक्षिप्त कराया गया और जेसीईआरटी की ओर से पाठयक्रम पुनरावृति सह आच्छादन कैलेंडर तैयार किया गया।
नए पाठ्यक्रम के अनुसार साप्ताहिक कार्ययोजना का निर्माण किया गया।
यह कैलेंडर 12 सप्ताह के लिए तैयार किया गया है, जिसे खरौंधी प्रखंड के सभी विद्यालयों में जनवरी से अनिवार्य रूप से लागू करने का आदेश बीईईओ राकेश कुमार ने जारी किया है। प्रखंड के सभी विद्यालयों में शनिवार तक हर हाल में साप्ताहिक कलेंडर का वितरण बच्चों के बीच करने का निर्देश सभी प्रधानाध्यापक को दिया है। जिसके तहत शनिवार को मध्य विद्यालय मझिगावां के प्रधानाध्यापक कामेश्वर सिंह ने अपने शिक्षकों के साथ विद्यालय के छात्र छात्राओं के बीच साप्ताहिक कलेंडर का वितरण किया।
इस मौके पर शिक्षक राजीव कुमार, अरविंद कुमार गुप्ता,मंजूषा गुप्ता, इंद्रमण प्रसाद यादव,राजेंद्र सिंह अध्य्क्ष रवि हुसैन आदि उपस्थित थे।