रमना (गढ़वा) : प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के किसानों के लिए सरकार नए साल में धान खरीद आरंभ कर दी है। शनिवार को धान अधिप्राप्ति के लिए प्रखंड परिसर स्थित गोदाम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख मृत्युंजय कुमार सिंह, बीडीओ हुलास महतो व विधायक प्रतिनिधि पंकज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व पूजा-अर्चना कर किया।
मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि किसान अपने ध्यान को बिचौलिए या कम दामों पर बेचने के बजाय धान अधिप्राप्ति केंद्र में सरकारी दर पर बेचे। बीडीओ हुलास महतो ने कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र पर निबंधित किसानों का धान क्रय किया जाएगा। धान अधिप्राप्ति के लिए भारतीय खाद्य निगम अधिकृत किया गया है।
1868 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी।
उद्घाटन के पहले दिन 2 किसानों का 200 क्विंटल धान की खरीद की गई है। जबकि 10 किसानों को एसएमएस के माध्यम से सूचना मोबाइल पर प्रेषित कर दिया गया है। विधायक प्रतिनिधि पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी धान खरीद के लिए विधायक भानु प्रताप शाही के द्वारा लगातार सरकार पर दबाव बनाया जा रहा था।
मौके पर प्रबंधक प्रेम प्रकाश, प्रखंड अंचल के कर्मी व किसान मौजूद थे।