बंशीधर नगर (गढ़वा) : वर्ष की समाप्ति एवं नववर्ष के आगमन पर विभिन्न पर्यटक स्थलों, जलाशयों एवं नदी के किनारे मनाये जाने वाले पिकनिक को लेकर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह से एलर्ट हो गया है। एसडीओ जय वर्द्धन कुमार ने श्री बंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन स्थलों, जलाशयों एवं नदी के किनारे मनाये जाने वाले पिकनिक स्थलों पर निगरानी रखने एवं विधि व्यवस्था संधारण के लिये दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है।
जानकारी के मुताबिक एसडीओ ने नगर उंटारी थाना गश्ती के लिये नगर पंचायत के सीएलटीसी आलोक नारायण को दंडाधिकारी नियुक्त किया है। जबकि राजा पहाड़ी पर नगर पंचायत के जेई कौशल कुमार, बंबा डैम के लिये मनरेगा के एई अखिलेश गुप्ता, बभनी खांड़ डैम के लिये नगर पंचायत के जेई उदय कुमार, नैना झरना नगर ऊंटारी के लिये नगर पंचायत के नगर प्रबंधक रवि कुमार, घाघरा झरना के लिये प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ रामाशंकर प्रसाद, खरौंधी थाना गस्ती के लिये मनरेगा बीपीओ डिंपल कुमार, रमना थाना गश्ती के लिये सहायक अभियंता मनरेगा कुश कुमार, भवनाथपुर थाना गश्ती के लिये जेई विजय शंकर राय, सेल आरएमडी डैम भवनाथपुर बीपीओ मनरेगा वीरेंद्र कुमार, केतार थाना गश्ती के लिये बीपीओ मनरेगा दयानंद प्रजापति, सोन नदी पाचाडुमर केतार के लिये जेई अमर भारती, धुरकी थाना गश्ती के लिये जेई राकेश रंजन, सुखलदरी जलप्रपात धुरकी के लिये समन्वयक पंचायत राज जितेंद्र कुमार एवं विशुनपुरा थाना गश्ती के लिये जेई आनन्द कुमार को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया है।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त किये गये दंडाधिकारियों को 30 दिसंबर के पूर्वा से 2 जनवरी 2021 के पांच बजे अप तक ड्यूटी में उपस्थित रहने एवं कोविड-19 को लेकर जारी अनलॉक 5 में जारी सामाजिक दूरी एवं मास्क का प्रयोग किये जाने के निर्देश का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी दंडाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि किसी भी स्थल पर संध्या 5 बजे के बाद कोई भी आगन्तुक/व्यक्ति उपस्थित ना रहे। उन्होंने थाना के थाना प्रभारी को प्रतिनियुक्त किये गये दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुये विधि व्यवस्था संधारण के लिये आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एसडीओ ने सभी बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत आवश्यकतानुसार महत्वपूर्ण स्थलों पर अपने स्तर से दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करते हुये प्रस्ताव उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि सभी बीडीओ एवं सीओ उक्त अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत विधि व्यवस्था के वरिय प्रभार में रहेंगे। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि जिले के डीसी एवं एसपी को भी प्रेषित की है।