गढ़वा : बुधवार को आजसू पार्टी गढ़वा जिला कमेटी की एक प्रेस वार्ता जोबरईया मोड़ स्थित श्यामलाल मार्केट में आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान हेमंत सरकार पूरी तरह से विफल है। हेमंत सोरेन ने चुनाव में जनता से जो वादे किए वह पूरी तरह से खोखले साबित हो रहे हैं। हर वर्ष पाँच लाख नौकरी देने का जो वादा था वह इस वर्ष शून्य रहा। वहीं तीन महीने से वृद्धा पेंशन नहीं मिल रहा है, जो काफी चिंता का विषय है।
झारखंड सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में अक्षम साबित हुई है। अपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। बेरोजगारी भत्ता के नाम पर युवाओं से छल किया गया है। हेमंत सोरेन ने चुनाव के समय जनता से यह वादा किया था कि सरकार बनते ही सभी अनुबंध कर्मियों जैसे पारा टीचर सेविका सहायिका सहिया सहित अन्य अनुबंध कर्मियों को स्थाई किया जाएगा, जो पूरी तरह झूठी साबित हुई।
इस पर अभी तक सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया।
सरकार का यह वादा कि सरकार बनते ही तीन महीने के अंदर ओबीसी को 27% आरक्षण दिया जाएगा, यह भी पूरी तरह से झूठ साबित हुआ। गांव में 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने का वादा भी फेल हुआ। पंचायत चुनाव रोककर पंचायत का अधिकार छीनने का जो सरकार काम कर रही है, आजसू पार्टी इसके विरुद्ध 29 दिसंबर को जिले में विशाल सभा का आयोजन करेगी एवं सरकार का पोल खोलने का काम करेगी। इस सरकार ने 1 साल में कोई भी ऐसा संतोषजनक कार्य नहीं किया, जिससे इस सरकार पर भरोसा किया जाए। सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। हेमंत सरकार सिर्फ ट्रांसफर पोस्टिंग का उद्योग चला रही है। जनता के हितों से इस सरकार का कोई सरोकार नहीं है।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से केंद्रीय सचिव जयराम पासवान, जिला सचिव डॉ इस्तेयाक रजा, गढ़वा रंका विधानसभा प्रभारी रविंद्र नाथ ठाकुर, खरौंधी उप प्रमुख गोरखनाथ चौधरी, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष दामोदर राम उपस्थित थे।