गढ़वा : उत्पाद विभाग के अधीक्षक सुजीत कुमार के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर अमित मड़की के नेतृत्व में मंगलवार की रात्रि सात बजे से लेकर करीब साढ़े दस बजे तक गढ़वा व रमना थाना क्षेत्र में अवैध शराब बनाने व बेचने के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान रमना थाना क्षेत्र के हारादाग गांव में एक महुआ शराब भट्ठी से शराब बनाते हुए पकड़ा गया। मौके से भट्ठी संचालक राजेंद्र चौधरी, लाल मोहन चौधरी, उपेंद्र चौधरी व कृष्णा चौधरी को गिरफ्तार किया गया। जबकि गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव से अशोक मेहता, चंद्रदेव राम व शिव प्रसाद राम को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार ने कहा कि छापेमारी के दौरान हारादाग गांव से दो हजार किलोग्राम जावा महुआ और करीब एक सौ लीटर महुआ शराब को नष्ट किया गया है।