मेराल : प्रखंड के गोबरदाहा तथा कुसमाही गांव में रविवार को बीडीओ गौतम कुमार तथा झामुमो नेताओं द्वारा आदिम जनजाति के 380 लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया।
गौरतलब हो कि कड़ाके की ठंड के मद्देनजर सरकार द्वारा जरूरतमंदों को सहयोग के लिए मेराल प्रखंड को 3000 कंबल उपलब्ध कराया गया है। प्रखंड के सभी पंचायत को 120 कंबल उपलब्ध करा दिया गया है ताकि समय पर गरीब असहाय तथा जरूरतमंद लोगों को ठंड से निजात मिल सके। उक्त कार्यक्रम के तहत रविवार को प्रखंड के आदिम जनजाति बहुल गांव गोबरदाहा तथा कुसम्ही में कैंप लगाकर 380 वयस्क महिला पुरुष को कंबल उपलब्ध कराया गया।

कंबल वितरण कार्यक्रम में बीडीओ गौतम कुमार के अलावे झामुमो के जिला अध्यक्ष तनवीर आलम, प्रखंड अध्यक्ष दशरथ प्रसाद, महिला प्रखंड प्रभारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बीडीओ गौतम कुमार ने कहा की सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत कार्यान्वयन तथा राशन, पेंशन आदि का पूरा पूरा लाभ जरूरतमंदों को मिले इसके लिए मैं प्रयासरत हूं। झामुमो जिला अध्यक्ष तनवीर आलम, दशरथ प्रसाद, प्रखंड प्रमुख विकास सिंह कुशवाहा आदि लोगों ने कहा कि झामुमो की सरकार जरूरतमंदों को हर तरह का सहयोग तथा सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास के लिए गंभीर है।