गढ़वा : उपायुक्त गढ़वा राजेश कुमार पाठक के निर्देशानुसार प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा गढ़वा, दिनेश सुरीन ने समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को सुना।
सर्वप्रथम जनता दरबार में ग्राम- छतरपुर, पोस्ट- कल्याणपुर, जिला- गढ़वा निवासी दीपक कुमार ने पदाधिकारी को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि मैं गढ़वा जिला का स्थाई निवासी हूं मेरा सेलेक्शन संविदा आधारित न्युक्ति के तहत मनरेगा अंतर्गत तकनीकी सहायक अभियंता में हुआ है जिसका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जून माह के 29 तारीख को संपन्न हो चुका है परंतु अभी तक जॉइनिंग लेटर उपलब्ध कराया गया है, ऐसे में उन्होंने पदाधिकारी से अपनी समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई।
जनता दरबार में अगले फरियादी ग्राम- खुन्धरा, पोस्ट- बंका, थाना- मेराल निवासी सतीश कुमार यादव ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि मेरी दादी पनवारी कुंवर हैं जिनका खाता प्रज्ञा केंद्र बंका के कर्मी के द्वारा संचालित है। उन्होंने बताया कि उनके खाते से अवैध रूप से लगभग 8000 रुपए की निकासी की गई है, इस संदर्भ में मेराल थाना में लिखित आवेदन दिया गया है तथा पिपराकलां बैंक से भी निकासी का संपूर्ण विवरण मांगा गया। उन्होंने कहा कि बैंक से ठीक प्रकार से विवरण उपलब्ध ना हो पाने के कारण दोषी का पता नहीं चल पा रहा, ऐसे में उन्होंने पदाधिकारी से अवैध निकासी में संलिप्त व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की। जनता दरबार में अगले फरियादी ग्राम कटहर कला, प्रखंड सगमा निवासी देवंती देवी ने मुर्गी पालन हेतु ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि मैं पिछड़े ग्रामीण इलाके की गरीब आदिवासी महिला हूं मेरे पास कोई रोजगार का साधन नहीं है। मैंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान गढ़वा से 10 दिन का मुर्गी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है परंतु पूंजी के अभाव में कोई रोजगार नहीं कर पा रही हूं, ऐसे में उन्होंने मुर्गी पालन हेतु 5 लाख रुपए का लोन सब्सिडी के तहत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जनता दरबार में इसके अलावा गलत तरीके से आरोप लगाकर दाल भात योजना से हटाने, किसान क्रेडिट कार्ड लोन नहीं मिल पाने, निर्माण कार्य में विलंब, इंदिरा आवास आवंटन समेत अन्य से जुड़े कुल 10 आवेदन आये जिन्हें संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसरित करते हुए जल्द से जल्द उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया।