गढ़वा। मेराल : अनुमंडल पुलिस पदादिकारी बहामन टुटी आज गढ़वा थाना में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि दो फरवरी को लूट कांड में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना के संबंध में पुलिस ने उद्भेदन करते हुए बताया कि बाजार समिति स्थित उमेश कुमार गुप्ता के किराना दुकान का पैसा कलेक्शन कर वापस आने के क्रम में मेराल थाना अंतर्गत लखनिया मोड़ के पास दुकान के स्टाफ जितेंद्र चंद्रवंशी एवं दुकान मालिक के भगिना से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसमें ₹148000 लूट की गई थी। जिस संबंध में मेराल थाना में दुकान के स्टाफ जितेंद्र चंद्रवंशी के लिखित आवेदन के आधार पर मेराल थाना में मामला दर्ज कराया गया था।
जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गढ़वा के सोनपुरवा निवासी रुस्तम अंसारी उर्फ जंगली अंसारी तथा गढ़वा के जोबरिया के राजू साव उर्फ राजू प्रसाद एवं अंकित पाल पिता नरेश पाल को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज दिया है।
उसके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल तथा 3400 रुपये नगद बरामद किया है।
छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक योगेंद्र कुमार, थाना प्रभारी मेराल, पुलिस अवर निरीक्षक जाहिद अंसारी, संजय कुशवाहा, रंजन कुमार, पवन कुमार, संजय महतो आदि सशस्त्र बल शामिल थे।