भवनाथपुर (गढ़वा) : भवनाथपुर भाया श्री बंशीधर मुख्य पथ में शुक्रवार की रात्रि करीब सात बजे शिवपुजन पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर और बाइक के बीच टक्कर में बाइक चालक एसबीआई श्रीबंशीधर नगर के क्लर्क रवि प्रकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलावस्था में उन्हें इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पर तैनात आयुष डॉक्टर अभिनीत विश्वास ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया।
घटना की संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एसबीआई नगर के क्लर्क रवि प्रकाश बाइक से भवनाथपुर लौट रहे थे कि विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर के एक्सल टूट जाने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ने लगी, तभी बाइक उससे जा टकरायी।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जबकि घटना की सूचना पर घटनास्थल पर थाना के पीएसआई संजय बेदिया पहुंचकर बाइक को थाना ले आये, जबकि ट्रैक्टर को स्थानीय लोग के जिम्मेनामा दिया है।