बंशीधर नगर : किसान विरोधी काले कानून के खिलाफ किसानों के चल रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन के समर्थन में शनिवार को अनुमण्डल मुख्यालय में वामदलों के कार्यकर्ताओं ने प्रतिवाद मार्च निकाला व बस स्टैंड के निकट सभा किया।
प्रतिवाद मार्च भवनाथपुर मोड़ से प्रारम्भ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए बालिका उच्च विद्यालय तक गया तथा बस स्टैंड पहुंचकर सभा मे तब्दील हो गया। प्रतिवाद मार्च में शामिल कार्यकर्ता किसान विरोधी काला कानून वापस लो, मोदी सरकार होश में आओ, किसान मजदूर एकता जिंदाबाद, वाम मोर्चा जिंदाबाद आदि नारे लगा रहे थे।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओ ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार गरीब, मजदूर किसान विरोधी सरकार है।
यह सरकार पूंजीपतियों के हित मे काम कर रही है। नेताओ ने कहा कि विगत दस दिनों से पूरे देश के किसान, किसान विरोधी काला कानून वापस लेने की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन चला रहे हैं। किसानों के दिल्ली मार्च को दिल्ली के बोर्डरों पर रोक कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बावजूद जान लेवा ठंड की परवाह किये बिना किसानों का काफिला दिल्ली की ओर बढ़ता जा रहा है।किसानों की यह लड़ाई आर पार की लड़ाई है।कारपोरेट परस्त मोदी सरकार निरंकुशता पर अड़ी हुई है। नेताओ ने कहा कि आज किसानों के पांचवे दौर की वार्ता चल रही है। अगर सरकार किसानों के काले कानून को वापस लेने पर सहमति नही बनाती है तो पूरे देश मे किसान आंदोलन और धारदार बनेगा।
आगामी 8 दिसम्बर को पूरा भारत बंद होगा तथा बन्द की पूर्व संध्या पर सात दिसम्बर को मशाल जुलूस निकाला जायेगा।
सभा को भाकपा के गणेश सिंह,रामेश्वर प्रसाद अकेला, राज कुमार राम, श्री राम, विद्या पासवान, सीपीआई एम के जिला सचिव जय प्रकाश गुप्ता, नंद किशोर पासवान, भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य कामेश्वर विश्वकर्मा, महेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह, कांग्रेस के माणिक राम ने संबोधित किया।