गढ़वा : कोरोना काल में किसानों ने पानी नहीं अपने पसीने से सिंचाई कर धान की अच्छी पैदावारी की है लेकिन अभी तक राज्य सरकार द्वारा धान खरीद शुरू नहीं होने से किसान अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पूंजीपति बिचौलिया के हाथों खलिहान मे ही ओने-पौने दाम में बेचने को मजबूर हो गए हैं। उक्त बातें गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सह भाजपा कार्यकर्ता सूरज कुमार गुप्ता ने नवादा मोड़ स्थित अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर कही।
श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में 13 प्रखंडों में धान केंद्र खोलने के बजाय सभी 20 प्रखंडों में खुलना चाहिए ताकि किसान अपनी सुविधानुसार धान बेच सकें। उन्होंने कहा कि डंडा, बरडीहा, खरौंधी, केतार, धुरकी, बिशुनपुरा, एवं बडगढ़ के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार हो रही है।
सूरज गुप्ता ने कहा की एक तरफ किसान हितैषी का मुखौटा पहनकर कांग्रेस आंदोलनात्मक ढोंग करती है वहीं दूसरी ओर उनके प्रदेश अध्यक्ष सह खाद्य आपूर्ति मंत्री धान पूरी तरह सूखने पर खरीदारी करने की घोषणा कर हेमंत सरकार का किसान विरोधी चेहरे की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि चुनावी सभा में किसान ऋण माफ करने का घोषणा करने वाली हेमंत सरकार अब किसानों को पंम्प- पाइप बांटने का लॉलीपॉप दिखा रही है। श्री गुप्ता ने राज्यपाल को पत्र भेजकर हस्तक्षेप करने की मांग किया है तथा आग्रह किया है कि गढवा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय में अविलम्ब धान क्रय केन्द्र खोलते हुए किसानों को धान की कीमत तुरन्त भुगतान करने की वयवस्था हो वरना किसान सडक़ पर उतरने को बाध्य हो जाएंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा नेता देवदास प्रजापति, पवन कुमार केशरी, सोनू गुप्ता, कृष्ण कुमार रवि उपस्थित थे।