गढ़वा : गढ़वा रंका मार्ग पर सोमवार को नारायणपुर गॉव के पास टेंपो एवं पिकअप के टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी है, जबकि दो लोग घायल हो गये। मृतक गढ़वा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी रवि कुशवाहा 18 वर्ष बताया गया है। वहीं घायलों में गढ़वा थाना क्षेत्र के पचपरवा गांव निवासी विकास पाल तथा छत्तीसगढ़ निवासी अलियार कुशवाहा के नाम शामिल है।
सभी घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के संबंध में घायल विकास पाल ने बताया कि टेंपू खड़ा कर सब्जी लोड कर रहे थे इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप ने टैंपू में टक्कर मार दिया। इसमें नारायणपुर गांव निवासी रवि कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है।