मझिआंव : मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 स्थित मझिआंव कला के चौधरी टोला निवासी 62 वर्षीय जगदेव चंद्रवंशी सह कम्युनिस्ट मजदूर यूनियन के नेता ने गुरुवार की रात्रि लगभग 8:30 बजे जहर खा लिया। जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में स्थानीय रेफरल अस्पताल ले गए जहां उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। गढ़वा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया। इधर घटना के संबंध में उनके पुत्र राज कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि घटना के समय हम लोग गढ़वा में थे।
घर में आने के बाद जानकारी मिली कि घर में पिता जी के द्वारा सोख्ता का निर्माण करवाया गया था और वे पैसे की कमी को लेकर बराबर डिप्रेशन में रहा करते थे। शायद इसी कारण वे जहर खा लिए। इधर मृतक का शव घर पहुंचते ही आस पास के लोगों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। मृतक अपने पीछे पत्नी शांति देवी पुत्र मुन्ना कुमार चंद्रवंशी एवं राज कुमार चंद्रवंशी सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए। उनका अंतिम संस्कार कोयल नदी के पंपू कल घाट के समीप श्मशान घाट पर शुक्रवार को किया गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी मृतक के घर पहुंची और उनके परिजन को ढांढस देते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।