डंडई : प्रखंड मुख्यालय के मुख्य सड़क के थाना व ब्लाक रोड में जल जमाव से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। जिससे लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। इस सड़क में पिछले कई वर्षो से पानी जमाव से लोग हमेशा परेशान रहते हैं। इन दिनों बरसात का पानी से सड़क पर जल जमाव के कारण सड़क किनारे रहने वाले लोगों के घरों में पिछले तीन दिनों से पानी प्रवेश कर रहा है। सड़क में पानी के जमाव से सड़क पर चलने वाले वाहन, राहगीरों का आवागमन भी बाधित है। सड़क में जलजमाव से दुर्गंध उठने लगा है। जिससे सड़क के अगल-बगल रहने वाले लोगों को घर में रहना मुश्किल हो गया है। लेकिन पानी के निकास के लिए प्रशासन द्वारा आज तक कोई पहल नहीं की जा सकी है। लोगों को इस सड़क में जलजमाव से निजात दिलाने की दिशा में प्रशासन महका पूरी तरह से उदासीन है।
जबकि प्रशासन का वाहन भी इसी रास्ते से होकर गुजरता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क में जलजमाव से हो रही परेशानी से निजात दिलाने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव को आवेदन देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई थी। लेकिन आज तक सड़क में जलजमाव को रोकने के लिए पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई।