श्री बंशीधर नगर : अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्द्धन कुमार ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि छठ महापर्व 19 नवंबर से 21 नवम्बर तक मनाया जा रहा है। इस दौरान कोविड संक्रमण को देखते हुए विशेष सतर्कता अपेक्षित है।
उन्होंने कहा है कि अपने अपने क्षेत्र में सभी छठ पूजा समिति के साथ एक सप्ताह के अंदर बैठक कर उन्हें कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश के आलोक में छठ पूजा का आयोजन करने हेतु निर्देशित करेंगे। उन्होंने कहा है कि सभी छठ पूजा समिति के अध्यक्ष सचिव एवं उनके पांच सक्रिय सदस्यों का नाम, पता व मोबाइल नंबर पंजी में संधारित करते हुए सूची कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा है कि छठ पूजा समिति के साथ बैठक में छठ घाटों की साफ-सफाई, अत्यधिक गहरे पानी वाले घाटों पर खतरा से संबंधित चिन्ह का प्रदर्शन आवश्यक है। स्थानीय गोताखोर, मछुआरों का मोबाइल नंबर प्राप्त कर पूजा की तिथि को छठ घाटों पर उनका सहयोग प्राप्त करेंगे। रात्रि में छठ घाटों पर ठहरने वाले श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई शौचालय निर्माण, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था एवं महिलाओं की सुरक्षा एवं सहयोग हेतु महिला वालंटियर की प्रतिनियुक्ति हेतु, सभी छठ पूजा समिति को विशेष रुप से निर्देशित करेंगे। वर्तमान में छठ पूजा का आयोजन से संबंधित आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त दिशा निर्देश प्राप्त होते ही पुनः अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा है कि सभी निर्देशों को अपने-अपने क्षेत्र में अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए 13 नवंबर तक अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे।