बारिश खुलने तथा मौसम अनुकूल होने के इंतज़ार में हैं किसान
गढ़वा : जिले के सभी क्षेत्रों में गुरुवार की अहले सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। मानसून की अच्छी शुरूआत ने किसानों की उम्मीद बढा़ दी है। बताते चलें कि मानसून के आगमन के साथ प्रतिदिन बारिश हो रही है। 14 जून को 22 मिमी, 15 को 146 मिमी,16 मिमी को 3 मिमी तथा 17 जून को 50 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। प्रतिदिन हो रही बारिश से किसानों को खेत जुताई का अनुकूल अवसर नहीं मिलने के कारण जिले में प्राय: खेती का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। लोग बारिश थमने तथा मौसम के अनुकूल होने का इंतजार कर रहे हैं। रोहिणी नक्षत्र में हुई बारिश से ही कई क्षेत्रों में किसानों ने खेतों की जुताई कर खेत तैयार कर लिया है।
उन्हें अच्छी बारिश होने काइंतजार था। मृगशिरा नक्षत्र में मानसून का आगमन हुआ है। अच्छी बारिश से निचले खेतों में पानी जमा हो गया है। वहीं मध्यम व टांड़ खेतों मे भी पर्याप्त नमी हो गई है। बारिश थमने के बाद खेती कार्य में तेजी आएगी। धान का बिजड़ा डालने तथा अरहर, उरद, मूंग, मक्का, तिल आदि की बोआई शुरू हो सकेगी।