गढ़वा : भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गढ़वा के पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति की बैठक कर सदस्यों की घोषणा की गई।
श्री कश्यप द्वारा घोषित कमेटी में मनोज कुमार पाठक एवं राकेश शंकर गुप्ता को भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गढ़वा का महामंत्री बनाया गया है।
इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गढ़वा की नई टीम नई ऊर्जा से ओतप्रोत है। नगर मंडल गढ़वा की नई टीम भारतीय जनता पार्टी के संगठनिक कार्यों के साथ-साथ पार्टी के नीति एवं सिद्धांतों को जन जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ आमजन को मिले, इसके लिए प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि जन विरोधी नीतियों का खुलकर विरोध करेगी। जनता के हितों की रक्षा करना भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गढ़वा का मुख्य उद्देश्य होगा। वहीं नगर मंडल गढ़वा की नई टीम नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में टीम गठित कर जन संपर्क अभियान चलाकर जनता की समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास करेगी।
नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गढ़वा के महामंत्री मनोज पाठक ने कहा कि उमेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में नगर मंडल गढ़वा की नई टीम एक नया आयाम स्थापित करेगी एवं अभूतपूर्व तरीके से सांगठनिक कार्य एवं जनसामान्य के हितों को ध्यान में रखकर कार्य करेगी।