गढ़वा : गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल जल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंगलवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल सर्जन डा. एनके रजक को सदर अस्पताल की व्यवस्था में पर्याप्त सुधार एवं उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने सहित कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिशु कुपोषण केंद्र का निरीक्षण करते हुए कुपोषित बच्चों व गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी लिया। इस दौरान केंद्र में करोड़ों रुपए की बेकार पड़ी मशीनों को देखकर मंत्री ने सीएस से जानकारी मांगी। सीएस ने बताया मशीन चालू करने के लिए टेक्नीशियन एवं एएनएम की आवश्यकता है। इसके लिए विभाग को पत्र लिखा गया है।
मंत्री ने नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी काम को पूरा कराने के लिए उसके पीछे दिल से लगना पड़ता है।

मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा सदर अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यह मॉडल सदर अस्पताल बनेगा। इसके लिए झारखंड सरकार गढ़वा सदर अस्पताल को पांच करोड रुपए उपलब्ध कराएगी। मंत्री ने कहा कि ब्लड बैंक के बगल में पांच बेड का डायलिसिस सेंटर बनाया जाएगा। इसमें बीपीएल एवं आयुष्मान कार्ड धारियों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। जबकि अन्य लोगों का इलाज बाजार से काफी कम शुल्क पर किया जाएगा। यहां डायलिसिस सेंटर चालू हो जाने से किडनी एवं कैंसर मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। साथ ही सदर अस्पताल में हाईटेक अल्ट्रासाउंड मशीन लगाया जाएगा।
इसमें बीपीएल एवं आयुष्मान कार्ड धारियों का निशुल्क अल्ट्रासाउंड किया जाएगा। जबकि अन्य लोगों को बाजार से काफी कम कीमत पर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने कहा कि सदर अस्पताल के सभी 100 बेडों पर सेंटरलाईज ऑक्सीजन सिस्टम लगाया जाएगा। पाइप के माध्यम से सभी बेडों पर ऑक्सीजन उपलब्ध होग। अस्पताल में एक्सरे की सुविधा वर्तमान में प्रातः 9:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक उपलब्ध है। इस समय को विस्तारित करते हुए प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक एक्सरे सेवा चालू किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सदर अस्पताल में यह सभी सुविधाएं यथा शीघ्र प्रारंभ कर दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी एसएन उपाध्याय, स्वास्थ्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू, डॉ जेपी सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर थाना प्रभारी राजीव सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, अशर्फी राम, नवीन तिवारी आशुतोष पांडेय, संदीप विश्वकर्मा, राजेश गुप्ता, कमल चौबे, संजय चौधरी, नीरज तिवारी, चंदन पासवान आदि लोग उपस्थित थे।