कांडी : प्रखंड मुख्यालय पहुंचे डुमरसोता गांव के सैकड़ों महिला व पुरुषों ने एक बार फिर दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर रोष व्यक्त किया। गढ़वा उपायुक्त के कांडी दौरा की सूचना के बाद डुमरसोता गांव से सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुष कांडी पहुंचे थे।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडी पहुंचे सिविल सर्जन डॉ एक के रजक ने बताया कि कांडी के अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। जिले में भी डॉक्टरों की कमी है। शशांक शेखर द्वारा दोषियों पर कार्रवाई करने के सवाल पर सिविल सर्जन बिना जवाब दिये ही अस्पताल से निकल गये।
इस दौरान कांडी में ही दो पक्ष आपस में भीड़ गये। किसी प्रकार मामले को शांत कराया गया।
मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि अस्पताल की व्यवस्था ठीक नहीं हुई, दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो मंगलवार को कांडी में चक्का जाम किया जाएगा।
विदित हो कि बुधवार को कांडी थाना के समीप एक नवनिर्मित मकान में शौचालय के सेट्रिंग खोलने के दौरान दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई थी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडी लाने पर डॉक्टर की अनुपस्थिति व अस्पताल के स्टाफ संजय प्रसाद पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों ने कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क को जाम कर दिया था।
मौके पर उपस्थित सदर एसडीओ जियाउल अंसारी, डीएसपी बहामन टूटी, नगर उंटारी एसडीओ जयवर्धन कुमार व इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने डीसी से बात कर त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया था।