बंशीधर नगर : अनुमंडल कार्यालय के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्द्धन कुमार ने अनुमंडल के सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारी के साथ बैठक किया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने संदेहास्पद दोहरी जमाबंदी, अतिक्रमण सहित नए जमाबंदी मामलों की समीक्षा किया। समीक्षा के दौरान रमुना, भवनाथपुर व खरौंधी अंचल का ऑनलाइन जमाबंदी 90 दिनों से लम्बित रहने पर नाराजगी व्यक्त किया। समीक्षा के दौरान उन्होंने अंचलों में लम्बित सभी जमाबन्दी एक सप्ताह के अंदर निष्पादित करने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया। बैठक के दौरान अंचल पदाधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन जमाबंदी लोंगिंग छोड़ने के बाद लॉगआउट हो जा रहा है जिसके कारण कठिनाई हो रही है।
इस मामले पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित सभी अंचल के अंचलाधिकारी को जिले के अपर समाहर्ता को ऑनलाइन में एरर आने पर सूचना देकर निराकरण कराने का निर्देश दिया। अतिक्रमण मामले पर समीक्षा के दौरान बंशीधर नगर के अंचलाधिकारी को बस स्टैंड, सब्जी बाजार, ग्रीन गोला सहित अन्य मामलों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचलाधिकारियों को दोहरी जमाबन्दी की समीक्षा कर कार्रवाई करने,सभी सरकारी कार्यालय, प्रतिष्ठान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा वृक्षारोपण के लिए बंजर भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि सभी राजस्व कर्मचारियों का डिजिटल सिग्नेचर अद्यतन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दाखिल खारिज के लिए प्राप्त आवेदन का अधिकतम 20 दिनों के अंदर निष्पादन हो जाना चाहिए।
बैठक में नगर उंटारी के अंचलाधिकारी अरुणिमा एक्का, केतार तथा भवनाथपुर के अंचलाधिकारी अनुराग संदीप टोपनो, रमुना तथा बिशुनपुरा के अंचलाधिकारी हुलास महतो उपस्थित थे।