कांडी : पुलिस ने प्रतिबंधित गुटखा व पान मसाला बेचने के आरोप में कांडी बाजार निवासी प्रमोद चौरसिया पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 269 व 270 के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी देते हुए थाना प्रभारी रामअवतार ने बताया कि प्रमोद चौरसिया को उनके पान गुमटी से 67 पैकेट सिगरेट तथा 7 पैकेट व 203 पुड़िया विभिन्न प्रकार के गुटखा के साथ पकड़ा गया था। प्रमोद चौरसिया को 4 घंटे बाद थाना से ही बेल दे दिया गया।
विदित हो कि झारखंड सरकार द्वारा किसी भी तरह के खैनी, पान, बीड़ी, सिगरेट व गुटखा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कानून में यह स्पष्ट है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी बीमारी को फैलाने के लिए किया गया घातक कार्य जिससे अन्य व्यक्ति की जान को खतरा हो एक अपराध है।
थाना प्रभारी ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वह तत्काल प्रभाव से किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को ना भेजें वरना उन पर भी उपरोक्त धारा के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।