गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी केशरी के पति व गढ़वा शहर के व्यवसायी भाजपा नेता संतोष केशरी को पुलिस ने ठगी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फ़ाइल फ़ोटो- थाना प्रभारी, राजीव कुमार सिंह
इस संबंध में गढ़वा के थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शहर के मेन रोड निवासी व्यवसायी पंचम सोनी के पिता नंदू प्रसाद से संतोष केशरी के द्वारा पैसा लिया गया था, जिसका चेक फर्जी दिया गया था। उन्होंने बताया कि संतोष केशरी पर ऐसे ही कई मामले हैं, जिसमें वारंट था। वारंट के ही आलोक में संतोष केशरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस तमाम पुराने मामले में वारंटियों की गिरफ्तारी कर रही है।
उसी क्रम में संतोष केशरी की भी गिरफ्तारी हुई है।
फ़ाइल फ़ोटो - पंचम सोनी
बताया जाता है कि संतोष केशरी गढ़वा शहर के व्यवसायी पंचम सोनी के पिता नंदू प्रसाद से आठ वर्ष पहले नगद, 5 लाख 90 हजार कर्ज लिए थे। मगर पैसा नहीं लौटाया। बाद में 5 लाख 90 हजार का एक चेक (चेक संख्या -128865) 30 सितंबर 2018 को काट कर दिया था, जो बैंक में खाते में राशि के अभाव में बाउंस कर गया। इस मामले में गढ़वा थाना कांड संख्या 158/2019 में श्री केशरी को जेल भेजे जाने की बात थाना प्रभारी के द्वारा बताया गया है। उन्होंने यहां तक बताया कि शहर के अन्य कई लोगों के द्वारा शिकायत मिल रही है कि संतोष केशरी के द्वारा उनकी राशि ठगी गई की गई है, उनका तमाम मामले पर जांच पड़ताल चल रहा है।