गढ़वा : लखना हत्याकांड में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया। पत्रकार वार्ता कर जानकारी देते हुए एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया थाना अंतर्गत ग्राम लखना में दो समुदाय के लड़कों के बीच उत्पन्न आपसी विवाद में बीच बचाव के लिए आई सुंरकली कुँवर ऊर्फ सुनरकालो कुँवर 65 वर्ष पति स्व बसंत राम की चोट लगने से मौत हो गई थी। जिसमें उनका पोता निरंजन कुमार चंद्रवंशी के बयान पर पांच नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध गढ़वा थाना में दर्ज कराया गया था। जिसको लेकर गांव में दोनों पक्षों में तनाव व्याप्त था।
उक्त घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक गढ़वा श्रीकांत सुरेश रावत खोत्रे के निर्देश पर, इस कांड में तत्काल गिरफ्तारी हेतु पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी गढ़वा राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठन किया गया था।
टीम के द्वारा लगातार छापेमारी करते हुए उक्त कांड में संलिप्त अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई है। अब तक के अनुसंधान से यह मामला आपसी विवाद के कारण उत्पन्न होना प्रतीत है। इसमें अभी तक संप्रदायिक दृष्टिकोण परिलक्षित नहीं हुआ है। चारों अभियुक्त को लखना गांव से ही गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार युवक में गोल्डन खान, मुस्ताक खान, आसिफ खान एवं गफ्फार खान उक्त चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में शामिल पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी बहामन टूटी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी गढ़वा राजीव कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक नीतीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रवी, सुमंत कुमार राय, अभिमन्यु कुमार सिंह एवं अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।