धुरकी : धुरकी प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कोरोना जांच के लिए नई तकनीकी मशीन ट्रुनेट लगाई गई है। ट्रुनेट मशीन नहीं लगने से इससे पुर्व में धुरकी प्रखंड के लोगों का सैंपल मेडिकल टीम के द्वारा कलेक्ट कर रिम्स रांची और सदर अस्पताल गढ़वा में भेजा जाता था।
जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सक डॉ दिनेश कुमार ने बताया की कोरोना जांच करने की मशीन जिले के सिवील सर्जन डा एनके रजक के द्वारा ट्रू नेट को गत शुक्रवार को मेडिकल की एक स्पेशल टीम के द्वारा सीएचसी के लैब में लगाया गया है। उन्होने बताया की उक्त मशीन पुरी तरह से आधुनिक है, जिसके लिए लैब टैक्निशियन को प्रशिक्षण भी पुर्व में दिया गया है।

वहीं इस संबंध में लैब टैक्निशियन रंजीत सिन्हा ने बताया की अब प्रखंड वासियों को कोरोना जांच कराने के लिए सदर अस्पताल व रिम्स में जाने की जरूरत नहीं है। अब लोग स्वेच्छा से अपना सैंपल सीएचसी केंद्र में देकर तीन घंटे के बाद रिपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा की एक दिन में इस मशीन से 35 से 40 लोगों का सैंपल जांच किया जा सकता है।