गढ़वा : उपायुक्त गढ़वा राजेश कुमार पाठक की अध्यक्षता में आज वन स्टॉप सेंटर के संचालन को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय के सभागार में संपन्न हुई।

बैठक में समुदाय या कार्यस्थल में हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए एक ही छत के नीचे चिकित्सीय सुविधा, पुलिस सहायता और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की गई तथा उपायुक्त द्वारा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कमल कुमार सिंह को निर्देश दिया गया कि वन स्टॉप सेंटर को और एक्टिवेट किया जाए। मौके पर उपायुक्त ने जिले में क्रियान्वित महिला आश्रय गृह का जायजा उपस्थित पदाधिकारियों से लिया तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय में अवस्थित महिला आश्रय गृह अच्छी अवस्था में है, ऐसे में महिला आश्रय गृह में ही वन स्टॉप सेंटर संचालित किया जाए तथा ठीक ढंग से वहां महिलाओं कि समस्याओं को सुनते हुए उसका समाधान किया जाए।
साथ ही उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के उचित देख रेख के लिए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सदर को इसका दायित्व सौंपने का निर्देश भी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया। मौके पर उपायुक्त ने उपस्थित टास्क फोर्स के सदस्यों को हिंसा से पीड़ित महिलाओं को स्वस्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं, पुलिस सहायता व कनूनी सहायता मुहैया करने की बात कही।

बैठक में उपायुक्त के अलावा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी गढ़वा, सचिव जिला विधिक प्राधिकरण गढ़वा, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा गढ़वा, डी. पी. एम्. स्वस्थ्य विभाग गढ़वा, जिला पंचायती राज विभाग से आए प्रतिनिधि, स्वयं सेवी संस्था की प्रतिनिधि अर्चना देवी, समाज कल्याण विभाग से सहायक टी. एस. पांडेय समेत अन्य उपस्थित थे।