गढ़वा : उपायुक्त गढ़वा राजेश कुमार पाठक ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखते हुए समाधान की गुहार लगाई। इससे पूर्व कोरोना महामारी को देखते हुए सभी फरियादियों के हाथ कोशिश सैनिटाइज किया गया। उपायुक्त ने कुछ मामलों का ऑन स्पॉट निपटारा किया वहीं अन्य मामलों को संबंधित विभाग को भेजते हुए तत्काल निष्पादन का निर्देश दिया।
सर्वप्रथम जनता दरबार में ग्राम शुरू, पंचायत खुटिया, प्रखंड धुरकी के ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से आवेदन देकर अनुरोध करते हुए बताया गया कि अमवार अवस्थित कनहर नदी पर डैम बन रहा है, जिसके डूब क्षेत्र में ग्रामीणों के घर एवं जमीन पड़ रहा हैं, उत्तर प्रदेश सरकार का गत वर्ष डूब क्षेत्र का सर्वे कराया गया था किंतु अभी तक मुआवजा नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि सर्वेयर के द्वारा बताया जा रहा है कि ग्राम शुरू का एक भी घर डूब में नहीं है जबकि हम कोरवा, परहिया आदिम जनजाति के लोग कनहर नदी के किनारे से कई वर्षों से निवास करते हैं। घर व जमीन डूब जाने के बाद हम लोगों के समक्ष विकट परिस्थिति उत्पन्न हो जाएगी ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया की पुनः इसका सर्वे कराया जाए तथा हम आदिम जनजातियों को इस मुसीबत से बचाने की कृपा की जाए। वहीं अगले फरियादी ग्राम मझिगांवा, भवनाथपुर निवासी नारेंद्र कुमार शुक्ला ने उपायुक्त से फरियाद करते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन मेरी रैयति भूमि को लूटने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें गांव के अन्य लोग भी शामिल हैं जो उन्हें सहयोग कर रहे हैं।
उक्त लोगों के द्वारा फरियादी के परिवार को डराया धमकाया भी जा रहा है, ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से नम्र निवेदन करते हुए इस दिशा में उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस पर उपायुक्त ने नियमानुसार संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करते हुए 10 दिनों के भीतर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में ग्राम पंचायत रंका के ग्राम- रंका में तालाब निर्माण के नाम पर मुखिया द्वारा बिचौलिए से मिलकर बिना कार्य किए राशि की निकासी एवं टीसीबी निर्माण के नाम पर नहर एवं सड़क की खुदाई कराने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से आवेदन देकर की गई। उक्त मामले के संदर्भ में शिकायत करते हुए रामनयन शर्मा, जितेंद्र पासवान, प्रदीप भुइया ने उपायुक्त से उक्त मामले के संदर्भ में स्थल जांच करते हुए दोषी व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच करते हुए 1 सप्ताह के अंदर जांच उपरांत प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया तथा दोषी पाए जाने पर उन पर कड़ी कार्यवाही करने की बात कही। मौके पर ग्राम- जोबरईया, पोस्ट- नवादा निवासी मनोज ठाकुर ने उपायुक्त से अनुरोध करते हुए कहा कि हम लोगों की भूमि 7 एकड़ से भी अधिक है लेकिन सिचाई का साधन नहीं रहने के कारण धान की फसल नहीं हो पा रही। उन्होंने कहा कि सिंचाई के अभाव में हम ठीक प्रकार से खेती करने में असमर्थ है, ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से आग्रह करते हुए भूमि संरक्षण विभाग गढ़वा से सिंचाई हेतु डीप बोर करवाने की मांग की ताकि चैती फसल उगाई जा सके।
आज के जनता दरबार में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, अंबेडकर आवास योजना,वृद्धा पेंशन व राशन कार्ड से संबंधित आवेदन आये जिसे उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए जल्द उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया।